मन को सशक्त करने का माध्यम है योग


राजएक्सप्रेस, भोपाल। आज विश्व योग दिवस (International Yoga Day) है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रयास से भारतीय संस्कृति की महत्वपूर्ण जीवनचर्या योग को आज पूरी दुनिया में स्वास्थ्य लाभ के वैदिक सूत्र के रूप में देखा जा रहा है। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस किसी तरह के मतभेद अथवा भेदभाव के कारण उपजी अवधारणा नहीं। यह तो मात्र सार्वभौमिक कल्याण और विश्व शांति के लिए किया जाने वाला एक शुद्ध यज्ञ है। इसमें सभी को यत्नपूर्वक सम्मिलित होना चाहिए।
World Yoga Day: पिछले चार वर्षो के भारतीय शासन की उपलब्धियों में से एक अति महत्वपूर्ण और अविस्मरणीय उपलब्धि है-अंतरराष्ट्रीय योग दिवस का आयोजन। इस वर्ष भारतीय संस्कृति एवं आयुर्वेद पद्धतियों तथा चारों वेदों में केंद्रक स्वास्थ्य विचार के रूप में मानित योग विद्या’ यदि आज इस सदी के इस कालखंड में संपूर्ण विश्व में व्याप्त हो चुकी है, तो इसका श्रेय आदिकालीन भारतीय जीवन संहिता की महानता को जाता है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रयास से भारतीय संस्कृति की महत्वपूर्ण जीवनचर्या योग को आज पूरी दुनिया में स्वास्थ्य लाभ के वैदिक सूत्र के रूप में देखा जा रहा है। इसी अभिप्रेरणा से संयुक्त राष्ट्र महासभा ने 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के रूप में मनाने हेतु मान्य कर दिया। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस आज तीसरी बार मनाया जा रहा है। भारत की सांस्कृतिक श्रेष्ठता को स्वास्थ्य वृद्धि के एक महत्वपूर्ण आयाम अर्थात योग के रूप में पूरे विश्व में स्थापित करना अपने आप में बहुत ही श्रमसाध्य कार्य था। लेकिन अंतत: यह कार्य संपन्न हुआ। और आज संपूर्ण विश्व योग से मिलने वाले स्वास्थ्य लाभों के बारे में अत्यंत जागरूक हुआ है।
निश्चित ही इससे भारत का सर्वागीण विकास होगा। सांस्कृतिक और सामाजिक दृष्टि से तो हमारा देश विश्व स्तर पर जाना ही जाएगा। साथ ही योग की शिक्षा से भारत को एक व्यापारिक सेवा क्षेत्र भी प्राप्त होगा, जो आने वाले वर्षो में करोड़ों-अरबों रुपए के कारोबार और रोजगार का सृजन करेगा। अभी तक तो भारतीय यौगिक क्रियाएं किसी आधुनिक अकादमिक अनुशासन के पूर्ण नियंत्रण में कभी नहीं रहीं। लेकिन अब देश-विदेश में योग को विद्यालयी पाठ्यक्रम का हिस्सा बनाने का प्रयास चल रहा है। मूल वैदिक मान्यताओं के अनुसार योग शिक्षा का कोई औपचारिक ढांचा नहीं है। योग की शक्तियों का विकास मानव में नैसर्गिक रूप में होता है। आज संपूर्ण विश्व आधुनिकता और यंत्रजनित विकास की दो कठिन सहस्नब्दियों से जूझता हुआ प्राकृतिक रूप से अनियंत्रित हो चुका है। विश्व को प्राकृतिक नियंत्रण की अवधारणा के अनुरूप संचालित करने की जरूरत ने ही आज आधुनिकता के वैश्विक प्रतिनिधियों को भारतीय वेदों की जीवन-चर्या अपनाने को विवश किया है। वर्तमान मनुष्य जीवन में बढ़ते मानवीय विकारों से मुक्त होने के लिए जितने आधुनिक उपाय अपनाए गए या अपनाए जा रहे हैं, सभी विफल रहे। इसीलिए आज योग जैसी वैदिक स्वास्थ्य वृद्धि रीति विश्व स्तर पर अपनाई जाने लगी है। पुरातन काल में पृथ्वी का विस्तार राष्ट्रों के रूप में विभाजित नहीं था। धरती का कोई सीमांकन न था। मानव अस्तित्व जिस रूप में भी था, वह प्राकृतिक शक्तियों से संजीवित व संचालित था। आज भी निर्जन स्थानों, सघन वन क्षेत्रों और हिमालय पर्वतों में जो पशु-पक्षी तथा अन्य जीव रह रहे हैं, उनका जीवन प्राकृतिक योग विधान से ही चल रहा है। उन्हें अपना जीवन चलाने के लिए आधुनिक वस्तुओं और सेवाओं की जरूरत नहीं। योग विद्या परिपक्व मानव को यही सब सोचने-विचारने के लिए संस्थिर करती है। योग द्वारा हम स्वयं का प्राकृतिक साक्षात्कार करते हैं। इस आत्मिक भावमुद्रा में हमें मात्र इसलिए नहीं रमना कि यह हमें आधुनिक विकारों के मध्य शांत व संतुलित होने की शक्ति दे, अपितु योग का विचार और अभ्यास सांसारिक बातों, जिज्ञासाओं और लोभ-लिप्साओं से मुक्त होने की प्रेरणा पर आधारित है।
यदि योग को आधुनिक जीवन की विसंगतियों से उपजे तन-मन के विकारों का शमन करने की मात्र एक आयुर्वेदिक चिकित्सा मानेंगे तो यह योग को जानने का एक तुच्छ प्रयास होगा। बल्कि योग को मानवीय जीवन की ऐसी प्रणाली बनाने की अति आवश्यकता है, जिसके बल पर संसार में प्रत्यक्ष एवं परोक्ष किसी भी तरह की हिंसा, र्दुव्‍यवहार और अत्याचार पर पूर्ण नियंत्रण पाया जा सके। योग का प्रचार-प्रसार किसी व्यक्ति, राष्ट्र, संस्थान या किसी पद्धति का प्रचार-प्रसार करना नहीं है। योग तो जगत कल्याण के नियोजन के लिए मानव मन को सशक्त तथा प्रशस्त करने का दैवीय माध्यम है। इसका तात्पर्य यह है कि दुनिया का प्रत्येक परिपक्व व्यक्ति तथा विशेषकर अपने-अपने राष्ट्रों में लोक प्रतिनिधित्व करनेवाले नेता यह बात योग साधना से प्राप्त स्थिर व विवेकपूर्ण ज्ञान से समझ लें कि मानवता के विनाश के लिए प्रतिदिन निर्मित होने वाले अस्त्र-शस्त्रों के भंडारण की प्रवृत्ति का त्याग सभी को करना ही होगा।
योग एक निश्चित शारीरिक मुद्रा में बैठकर श्वासों के शांत, संतुलित और संगठित संचालन तक ही सीमित नहीं है। न ही प्रतिदिन इस तरह के अभ्यास से स्वयं को व्यापारिक एवं पूंजीगत जगत के लिए योग्य और प्रतिस्पद्र्धी बनाने तक ही योग का महत्व है। सत्य बात तो यह है कि योग की गहराइयों में समाकर मानव को बाह्य जगत की मिथ्या गतिविधियों के प्रति अरुचि हो जाती है। योग की जड़ों से जुड़ने के बाद यही भावनात्मक अंश आज के दंभी मानव में आरोपित होने चाहिए। यही उपाय है जिससे विनाश के ढेर पर बैठी दुनिया को शनै:-शनै: वापस प्राकृतिक जीवन की ओर मोड़ा जा सकता है। आज के बेचैन व चंचल मनुष्य के लिए योग की ज्ञान धारणाओं को आत्मसात करना इतना सुगम नहीं। प्रारंभ में वह योग का शारीरिक विन्यास व मुद्रा अभ्यास ही कर सकता है, जबकि आवश्यकता इसकी है कि योग का गंभीर तथा स्थिर अभ्यास कैसे हो, ताकि यंत्र-चालित युग का मानव आत्मकेंद्रित हो अपने सच्चे अस्तित्व के बारे में सोच-विचार कर सके। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस मनाना तब ही सार्थक होगा जब योग को ज्ञान-विज्ञान की साधारण समझ से अलग एक वैदिक और आध्यात्मिक सूत्र के रूप में जाना, समझा और अपनाया जाएगा। योग करने वाले यह न सोचें कि यह व्यायाम उन्हें व्यापारिक प्रतिस्पर्धा में मानवीयता के सिद्धांतों की अनदेखी करने या जलवायु के प्रतिकूल उत्पादन करने की मशीनी शक्ति देता रहेगा। विश्व स्तर पर योग दिवस आयोजित करने का प्रारंभिक उद्देश्य भले ही लोगों के शारीरिक-मानसिक स्वास्थ्य में वृद्धि करना है। लेकिन इसका सूक्ष्म उद्देश्य लोगों को आत्मिक रूप में भी स्वस्थ करना है।
विश्व का विभाजन विभिन्न राष्ट्रों के रूप में यदि हुआ है तो इसका अर्थ कल्याणकारी तो कदापि नहीं रहा होगा। इसी तरह एक राष्ट्र के अंदर भी विभिन्न मानवीय जातियों, भाषाओं, रहन-सहन और अनेक अन्य जीवन संचालन विधियों का विभाजन भी कहीं से मानव कल्याण और उत्थान को इंगित नहीं करते। विश्व और देशों के रूप में लोक संसार या लोकतंत्र अनेक मतभेदों और विभाजनों से त्रस्त है। इसके निवारण का स्थायी उपाय तब ही मिलेगा जब योग जैसी स्वास्थ्य विधाओं के द्वारा मनुष्यगण स्वयं से नैतिक व मौलिक रूप से जुड़ सकेंगे। निस्संदेह भारत के प्रस्ताव पर अंतरराष्ट्रीय योग दिवस मनाने के संबंध में भारत और अन्य देशों के मध्य मतभेद हों अथवा कोई देश भारत की इस स्वास्थ्य लाभकारी विधा की अंतरराष्ट्रीय मान्यता से ईष्र्या करे, परंतु यह सर्वस्वीकार्य सत्य है कि इसी विधा की वैश्विक जागरूकता से सभी लोगों को वास्तविक स्वास्थ्य लाभ प्राप्त होगा। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस किसी तरह के मतभेद अथवा भेदभाव के कारण उपजी अवधारणा नहीं। यह तो मात्र सार्वभौमिक कल्याण और विश्व शांति के लिए किया जाने वाला एक शुद्ध यज्ञ है। इसमें सभी को यत्नपूर्वक अवश्य सम्मिलित होना चाहिए।

विकेश कुमार बडोला (स्वतंत्र टिप्पणीकार)

Comments

Popular posts from this blog

झंडे की क्षेत्रीय अस्मिता और अखंडता

नेपाल PM शेर बहादुर देउबा का भारत आना रिश्तों में नए दौर की शुरुआत

देश में जलाशयों की स्थिति चिंतनीय, सरकार पानी की बर्बादी रोकने की दिशा में कानून बना रही है