बॉल टेम्परिंग क्रिकेट की पुरानी बीमारी
राजएक्सप्रेस, भोपाल। (Ball Tampering Cricket) क्रिकेट ही नहीं, बल्कि समूचे खेल इतिहास में इस तरह की हरकतें अक्षम्य मानी गई हैं क्योंकि खेल कोई राजनीति नहीं, जहां साम, दाम, दंड, भेद का सिद्धांत चलता हो। मगर जिस तरह से खिलाड़ियों को इस अघोषित युद्ध में सिर्फ जीतने के लिए झोंक दिया गया है, उसे देखते हुए ऐसी घटनाएं स्वाभाविक लगने लगी हैं। क्रिकेट अभी बहुत सारे फॉर्मेट्स में खेला जाता है। ऐसे में जीतने की जिद में खिलाड़ी गलती कर बैठते हैं, जिसके नतीजे भी उन्हें भुगतने पड़ते हैं। यूं तो क्रिकेट को जेंटलमैन गेम कहा जाता है लेकिन इससे जुड़ी विवादास्पद खबरें भी समय-समय पर आया करती हैं। ताजा विवाद बॉल टेम्परिंग (गेंद के साथ छेड़छाड़) का है। इस विवाद ने ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेट टीम की जमकर फजीहत कर दी है। बॉल टेम्परिंग का पूरा मामला दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ केपटाउन टेस्ट में सामूहिक रूप से गेंद से छेड़छाड़ करने से जुड़ा है। यूं तो गेंद से छेड़छाड़ आसानी से पकड़ी नहीं जा सकती मगर दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ केपटाउन टेस्ट में मैदान में उपस्थित कैमरापर्सन ऑस्कर की नजरों से गेंद से छेड़छाड़ बच नहीं पा...