अस्पतालों की दूर की जाए बदहाली
राजएक्सप्रेस, भोपाल। Kanpur Hospital Negligence Case: देश के अस्पतालों में लापरवाही थमने का नाम नहीं ले रही है। अब कानपुर इसका उदाहरण बना है। जहां आईसीयू का एसी खराब होने से पांच मरीजों की मौत हो गई। इस तरह की लापरवाही का इलाज अब बेहद जरूरी हो गया है, ताकि अस्पताल मौत न बांटने पाएं। पिछले साल गोरखपुर में अस्पताल की लापरवाही के बाद कई बच्चों ने अपनी जान गंवा दी थी, लेकिन सरकारों ने इससे कोई सबक नहीं सीखा। गोरखपुर की घटना के बाद एक के बाद एक राज्यों के अस्पतालों ने मानवता को शर्मसार किया। अब यूपी के ही कानपुर के सबसे बड़े अस्पताल में आईसीयू का एसी खराब होने से पांच मरीजों की मौत हो गई। हालांकि, मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य का दावा है कि आईसीयू में मरने वाले लोग पहले से ही सीरियस थे। पांच लोगों की मौत के बाद प्रशासन हरकत में आया जिसके बाद डीएम कानपुर ने आनन-फानन में आईसीयू में दो पावर एसी लगवाए। हालत ये ही कि आईसीयू में भर्ती मरीज अब घर से पंखा लाकर इलाज करवा रहे हैं। आईसीयू में तैनात नर्सो का कहना है कि कई दिनों से ही एसी खराब है, हमने लिखित शिकायत दी है लेकिन अभी तक कुछ नहीं हुआ है।...