मानसून से उम्मीदों को लग रहे पंख
राजएक्सप्रेस, भोपाल। मौसम विभाग ने जो कुछ बताया है, वह उत्साहवर्धक है। खेती के लिहाज से सबसे ज्यादा उत्पादक राज्य उत्तर प्रदेश, मध्यप्रदेश, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, बिहार और बंगाल के किसानों को मानसून (Monsoon Predictions)से आस होती है। इन राज्यों में पर्याप्त बारिश का मतलब अच्छी पैदावार है। मानसून को लेकर अच्छी खबर है। मौसम विभाग ने बताया है कि इस बार उत्तर-पश्चिम और मध्य भारत में बारिश अच्छी होगी। अच्छी बारिश से मतलब सौ फीसद बारिश है। सबसे ज्यादा राहत भरी खबर यह इसलिए है कि खेती-किसानी के लिहाज से देश के प्रमुख और बड़े राज्य तकरीबन हर साल सूखे और कम बारिश की मार झेलते रहे हैं। नतीजा यह होता है कि पैदावार नहीं होती, फसलें चौपट हो जाती हैं। ज्यादातर किसान कर्ज में फंस जाते हैं व आत्महत्या जैसे कदम उठाने को मजबूर होते हैं। सरकारें लाचार बनी रहती हैं और मानसून पर दोष मढ़ती रहती हैं। ऐसे में अगर मानसून मेहरबान हो जाए, तो किसान के लिए इससे बड़ी और अच्छी बात क्या हो सकती है! देश में महंगाई का रुख और ब्याज दरों का फैसला भी मानसून पर निर्भर करता है। इसलिए अगर सौ फीसद बारिश होगी, ...