आत्महत्याओं पर रोक एक सकारात्मक सोच व दृष्टिकोण की जरूरत
हम अखबारों में प्राय: आत्महत्या की खबरें पढ़ते हैं। आत्महत्या दरअसल जीवन से हार जाने का नाम है। यह एक तरह की कायरता है। जो इंसान जिंदगी से लड़ नहीं पाता है, वह खुदकुशी कर लेता है। विश्व स्वास्थ्य संगठन ने हाल ही में दुनिया भर में होने वाली आत्महत्याओं को लेकर एक रिपोर्ट जारी की है, जिसके मुताबिक दुनिया के तमाम देशों में हर वर्ष लगभग आठ लाख लोग आत्महत्या करते हैं, जिनमें लगभग 21 फीसदी आत्महत्याएं भारत में होती हैं। आंकड़े बताते हैं कि दुनिया में हर 40 सेकंड में एक व्यक्ति आत्महत्या कर लेता है। विश्व स्वास्थ्य संगठन के आंकड़े यह भी साफ करते हैं कि आबादी के प्रतिशत के लिहाज से गुयाना, उत्तर कोरिया और दक्षिण कोरिया के हालात कुछ ज्यादा ही चिंताजनक हैं। पर नेशनल क्राइम रिकार्ड्स ब्यूरो के तुलनात्मक आंकड़े बताते हैं कि हमारे यहां आत्महत्या की दर विश्व आत्महत्या दर के मुकाबले बढ़ रही है। भारत में पिछले दो दशकों की आत्महत्या दर में हर एक लाख लोगों पर 2.5 फीसदी की वृद्धि हुई है। हमारे यहां आत्महत्या करने वाले 37.8 फीसदी लोग 30 साल से भी कम उम्र के हैं। दूसरी ओर 44 वर्ष तक के लोगों में आत्...