युवाओं में बढ़ रही है तंबाकू की लत, जो देश और समाज दोनों के लिए घातक
अभी चार फरवरी को ही पूरी दुनिया ने विश्व कैंसर दिवस मनाया, भारत ने भी। इस दिन लोगों को कैंसर के प्रति जागरूकता का रटा-रटाया पाठ पढ़ाया गया। स्वस्थ जीवनशैली और बेहतर खानपान के प्रति सजग किया गया और तंबाकू के उत्पादों से दूर रहने की नसीहतें दी गईं। इस तरह की कवायदें हर साल की जाती हैं, लेकिन फर्क आज तक नहीं दिखा। अभी कुछ दिन पहले देश में किए गए एक सर्वे में कहा गया कि युवाओं में सिगरेट पीने की लत में कमी आई है और सिगरेट की बिक्री कम हुई है। यह सर्वे वाकई देश और समाज के लिए बेहतर संदेश था, मगर सिगरेट के बाद दूसरे अन्य तंबाकू उत्पादों के बढ़ावे की तरफ किसी का ध्यान नहीं गया। अब तो हालत यह है कि तंबाकू की तरफ युवा तेजी से बढ़ रहे हैं। जब तक हम तंबाकू पर पूरी तरह रोक नहीं लगा पाते, तब तक कैंसर दिवस की औपचारिकता को पूरी नहीं कर पाएंगे, क्योंकि तंबाकू के सेवन से न सिर्फ कैंसर बल्कि दूसरी बीमारियों से देश का युवा बीमार हो रहा है। देखा जाए, तो तंबाकू की लत बहुत पुरानी है, लेकिन कुछ सालों पहले तक यह बुजुर्गो अथवा बड़ी उम्र के पुरुषों तक ही सीमित थी, मगर चिंताजनक तथ्य सामने आया है कि अब त...